हरियाणा: डॉक्टरों की हड़ताल, मरीज हुए बेहाल

गुरुग्राम: हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज के आह्वान पर डॉक्टरों के हड़ताल से मरीज और उनके साथ आए परिजनों को जबरदस्त परेशानी झेलनी पड़ी। अस्पताल एवं स्वास्थ्य केंद्रों की ओपीडी में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस हड़ताल से आपातकालीन सेवाओं को बाहर रखा गया था। रोजाना की तरह बृहस्पतिवार को भी मरीज ओपीडी में इलाज के लिए पहुंच रहे थे, लेकिन डॉक्टरों के हड़ताल के चलते उन्हें बैरंग लौटना पड़ा, ऐसे में बड़ी संख्या में मरीजों ने निजी अस्पतालों का भी रुख किया।
इमरजेंसी में दिखाने के लिए जुटी भीड़
डॉक्टरों की हड़ताल के दौरान ओपीडी के मरीजों को तो बैरंग लौटना पड़ा, पर जिनकी स्थिति गंभीर थी, उन्हें इमरजेंसी में डॉक्टरों ने देखा। ऐसे में इमरजेंसी वार्ड में भीड़ बढ़ गई। इमरजेंसी रजिस्ट्रेशन केंद्र पर कार्ड बनवाने वालों की लंबी लाइन लगी हुई थी। संख्या बढ़ने पर बेड कम पड़ने लगे, तो एक बेड पर दो-दो मरीजों को लेटाया गया। अस्पताल प्रबंधन में डाक्टर की हड़ताल को देखते हुए अतिरिक्त स्टाफ की नियुक्ति की थी, लेकिन वह सुबह के वक्त नदारद थे। दोपहर एक बजे के करीब डॉक्टर आकर इमरजेंसी के मरीजों को देखना शुरू किया।